बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जन नायक कर्पूरी ठाकुर के बेटे, जानिए कैसे यहां पहुंचे…

Bihar Minister In Modi Cabinet Ram Nath Thakur: जदयू कोटे से केंद्र में मंत्री बनने वाले रामनाथ ठाकुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जन नायक कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं। वह वर्तमान में जदयू से राज्यसभा सांसद हैं।

74 वर्षीय रामनाथ ठाकुर का जन्म समस्तीपुर जिले के कर्पूरी गांव में हुआ और वह अपने पिता की राजनीति पर भरोसा करते हैं। वह नाई जाति से ताल्लुक रखते हैं, जो बिहार में लगभग 2 फीसदी है। उनके पिता कर्पूरी ठाकुर भी पिछड़े समाज के बड़े नेता थे। हाल ही में केंद्र की सरकार ने जन नायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था।

रामनाथ ठाकुर बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं और लालू प्रसाद यादव की पहली कैबिनेट में गन्ना उद्योग मंत्री थे। वहीं, 2005 से 2010 तक नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में उन्होंने राजस्व और भूमि सुधार, कानून, सूचना और जनसंपर्क मंत्री के रूप में काम किया। वर्ष 2014 में जदयू ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाया था।

इस टर्म के खत्म होने के बाद पुन: अप्रैल 2020 में जदयू ने रामनाथ ठाकुर को राज्यसभा भेजा। समस्तीपुर के जीकेपी कॉलेज से इंटर पास रामनाथ तीन बेटियों के पिता हैं। उनके पिता जन नायक कर्पूरी ठाकुर ने दिसंबर 1970 से जून 1971 तक और फिर दिसंबर 1977 से अप्रैल 1979 तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

मुख्यमंत्री बनने पर उन्होंने बिहार में पिछड़े वर्गों के लिए मुंगेरीलाल आयोग की अनुशंसा लागू कर आरक्षण का रास्ता खोला। उन्होंने बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में अंग्रेजी पास करने की अनिवार्यता को भी समाप्त किया और सबसे पहले बिहार में शराबबंदी लागू की। हालांकि उनकी सरकार गिरने के बाद राज्य में फिर से शराब के व्यवसाय को मान्यता मिल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *