फिर सुलगा दक्षिण पूर्वी ईरान, झड़प में 8 आतंकियों और 5 ईरानी फोर्स के जवानों की गई जान

दुबई: दक्षिण पूर्वी ईरान में दो अलग-अलग घटनाओं में आठ बंदूकधारियों और ईरानी सुरक्षाबलों के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को इस बारे में जानकारी दी है।सरकारी समाचार एजेंसी ‘ईरना’ की खबर के मुताबिक, सुरक्षाबलों के 10 अन्य सदस्य जख्मी हुए हैं। खबर में कहा गया है कि सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में रात के समय लड़ाई तब शुरू हुई जब बंदूकधारियों ने रस्क शहर में रिवोल्यूशनरी गार्ड की एक चौकी और चाहबहार शहर में एक तट रक्षक स्टेशन पर गोलीबारी की।

लोगों को बंधक बनाने की फिराक में हमलावर

‘ईरना’ ने कहा कि छह हमलावरों को घेर लिया गया। हमलावर दो स्थानों पर लोगों को बंधक बनाने की फिराक में थे। फिलहाल, बंधकों के बारे में विस्तार से नहीं बताया गया है। हमले का आरोप आतंकी संगठन जैश अल-अदल पर लगा है। ये संगठन कथित तौर पर जातीय बलोच अल्पसंख्यक के लिए अधिक अधिकार चाहता है।

अक्सर होती है झड़प

सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत का क्षेत्र अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा से लगा है। यहां आतंकी संगठन, सशस्त्र मादक पदार्थ तस्करों और ईरानी सुरक्षा बलों के बीच कभी-कभी घातक झड़पें होती हैं। दिसंबर में आतंकियों ने प्रांत के एक थाने पर हमला कर लगभग एक दर्जन पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी थी। यह क्षेत्र ईरान के सबसे कम विकसित हिस्सों में से एक है। क्षेत्र के मुख्य रूप से सुन्नी मुस्लिम निवासियों और ईरान की शिया समुदाय के नेतृत्व वाली सरकार के बीच संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *