राहुल गांधी के आरोपों पर पीयूष गोयल का करारा जवाब, बोले- भारत के निवेशकों ने महंगे दामों पर…

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित हो जाने के बाद भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमता नहीं दिख रहा है। राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी (PM Narendra Modi), गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

हार की हताशा से नहीं उबरे राहुल गांधीः भाजपा

वहीं, राहुल गांधी को जवाब देने के लिए भाजपा नेता पीयूष गोयल ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता पर जमकर हमला बोला। पीयूष गोयल ने कहा कि लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Result 2024) में विपक्ष की हार की हताशा से राहुल गांधी अभी उबर नहीं पाए हैं और वह भाजपा और हमारे नेताओं पर अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। पीयूष गोयल ने इस दौरान राहुल गांधी पर मार्केट के इंवेस्टर्स को भी गुमराह करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

निवेशकों को भ्रमित कर रहे राहुल गांधीः पीयूष गोयल

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और पूरी दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में स्वीकार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को आश्वस्त किया है कि उनके तीसरे टर्म में देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के तीसरे टर्म में आने से राहुल गांधी परेशान नजर आ रहे हैं, जिसके कारण वह अपने बयानों के साथ विदेश और देश के निवेशकों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

पीयूष गोयल ने राहुल गांधी से पूछा ये सवाल

पीयूष गोयल ने कहा कि मोदी सरकार के 10 साल के सफल कार्यों से मार्केट में हमारे भारतीय निवेशकों ने लाभ लिया। यही वजह है कि आज देश और दुनिया का विश्वास भारत के ऊपर है, मोदी जी के ऊपर है। भाजपा नेता ने इस दौरान राहुल गांधी से भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि आज लोगों के सामने सबसे बड़ा प्रश्न ये खड़ा हो रहा है कि जो-जो वादे राहुल गांधी ने किए थे उसका क्या हुआ?

अपना हक और न्याय मांग रही देश की जनता

उन्होंने कहा कि देश में कई जगहों पर हमारी बहनें-माताएं कांग्रेस के कार्यालय के बाहर खड़ी हैं। आज महिलाएं तेलंगाना, हिमाचल और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकारों से पूछ रही हैं कि जो एक लाख रुपए प्रति महिला को देने का वादा किया गया था, वो क्यों नहीं पूरा कर रहे हैं। आज महिलाएं कांग्रेस की सरकारों से अपना हक और न्याय मांग रही हैं।पीयूष गोयल ने इस दौरान मार्केट पर भी राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अप्रैल और मई में जब बाजार चढ़ रहा था इस दौरान विदेशियों ने बाजार में बिकवाली की और भारतीय निवेशकों ने इसका फायदा उठाकर खरीदारी की। वहीं, पिछले दो महीनों में इस तेजी का फायदा भारतीय निवेशकों को मिला है।

भारतीय निवेशकों को हुआ फायदा

उन्होंने कहा कि जिस दिन एग्जिट पोल आया, उस दिन विदेशियों ने ऊंचे दामों पर खरीदारी की और भारतीय निवेशकों ने ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाया। विदेशियों ने ऊंचे दामों पर रिटेल में 6,850 करोड़ रुपये खरीदे और भारतीय निवेशकों ने इसका फायदा उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *