दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने दिल्ली विधानसभा में अपना पहला और ‘आप’ सरकार का 10वां बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं कीं। चुनावी साल में पेश किया गया वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट ‘राम राज्य’ की थीम पर आधारित रहा।इस दौरान आतिशी ने 76 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया और कहा कि दिल्ली पर प्रभु श्री राम का आशीर्वाद है और दिल्ली तेजी से राम राज्य की तरफ बढ़ रही है। हालांकि इस साल का बजट पिछले साल के मुकाबले करीब 2 हजार करोड़ रुपए कम है। पिछले साल 78,800 करोड़ का बजट पास हुआ था।इस दौरान आतिशी ने कहा, “यहां उपस्थित हम सभी लोग भगवान राम के जीवन से प्रेरित हैं। राम राज्य के इस सपने को पूरा करने के लिए हम पिछले 9 वर्षों से दिन-रात प्रयास कर रहे हैं। हमने पिछले 9 वर्षों में दिल्ली के लोगों को सुख और समृद्धि प्रदान करने का प्रयास किया है। दिल्ली में ‘राम राज्य’ स्थापित करने के लिए बहुत कुछ किया जाना बाकी है, लेकिन पिछले 9 वर्षों में बहुत कुछ किया जा चुका है।उन्होंने कहा कि दिल्ली अपने राम राज्य की तरफ बढ़ रही है। हम सब इसके गवाह हैं। दिल्ली देश में 1 करोड़ से अधिक आबादी वाले राज्यों में प्रति व्यक्ति आय वाली सिटी में सबसे आगे है। दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय अब 4.62 लाख पहुंच गई है।